मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्यसेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में विभिन्न विभागों में चयनित 276 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें जनसेवा के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का संदेश दिया।
नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों में वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 तथा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 अभ्यर्थी शामिल हैं। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना केवल एक उपलब्धि नहीं बल्कि जनसेवा के नए दायित्व की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि युवाओं ने वर्षों के कठिन परिश्रम, अनुशासन, संघर्ष और धैर्य के बाद यह सफलता हासिल की है, जो उनकी प्रतिभा और समर्पण का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नकल माफियाओं और भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए उत्तराखंड में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसका परिणाम यह है कि अब युवाओं की सफलता केवल उनकी योग्यता और मेरिट के आधार पर तय हो रही है।
सीएम धामी ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया और मेरिट के आधार पर सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है। उन्होंने नवचयनित कार्मिकों से अपेक्षा की कि वे अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि जब व्यवस्था में योग्य और कर्मठ युवा आगे आते हैं, तब विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों में चयनित युवाओं की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के कर्मचारी प्रदेश के सुनियोजित विकास में योगदान देंगे, जबकि प्राविधिक शिक्षा विभाग से जुड़े युवा तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा प्रदान करेंगे। वहीं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के कार्मिक मातृ एवं बाल कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को मजबूती देंगे और वन विभाग में चयनित युवा राज्य की वन संपदा और जैव विविधता के संरक्षण में अहम भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और उत्तराखंड सरकार भी विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को लेकर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधारभूत संरचना का तेजी से विकास हो रहा है, निवेश बढ़ रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसी कार्यसंस्कृति को बढ़ावा दे रही है, जहां घोषणाओं से अधिक डिलीवरी, वादों से अधिक परिणाम और राजनीति से अधिक विकास को महत्व दिया जाता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी नवचयनित युवा पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री Subodh Uniyal, Dhan Singh Rawat, Rekha Arya, Khajan Das, राज्यसभा सांसद Naresh Bansal, विधायक Savita Kapoor सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।