श्रीनगर में मुख्यमंत्री धामी के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, 9.13 करोड़ की 9 विकास योजनाओं की दी सौगात

करीब नौ साल बाद श्रीनगर में फिर शुरू हुई सिटी बस सेवा, सीएम ने दिखाई हरी झंडी; महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि और पर्यावरण मित्रों को हेल्थ एवं हाइजीन किट वितरित

श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को श्रीनगर के श्रीयंत्र टापू पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए सड़कों पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने जगह-जगह मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को विकास की कई सौगातें देते हुए 9.13 करोड़ रुपये की लागत वाली नौ योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने करीब नौ साल के लंबे अंतराल के बाद श्रीनगर में सिटी बस सेवा का शुभारंभ भी किया।

मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित की। इसके साथ ही 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की गईं। महिला समूहों को आजीविका के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने 2 लाख 1 हजार 530 रुपये का चेक भी वितरित किया।

नौ साल बाद श्रीनगर की सड़कों पर दौड़ेंगी सिटी बसें

श्रीनगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने नगर में सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। करीब नौ साल बाद शुरू हुई इस सेवा को शहर की यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने पार्षदों से भरी सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस सेवा से स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को शहर के भीतर आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण भी किया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने के साथ ही पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

कूड़ा निस्तारण से लेकर पार्कों के सौंदर्यीकरण तक कई कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क और विभिन्न पार्कों का सौंदर्यीकरण सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

इन योजनाओं से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, वर्षा जल संरक्षण को प्रोत्साहित करने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर के विकास को नई गति देने के लिए 9 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। ये परियोजनाएं क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और स्थानीय विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

सरदार पटेल के योगदान को किया याद, राष्ट्रीय एकता पर दिया जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी थी। उनका संकल्प ऐसे सशक्त राष्ट्र के निर्माण का था, जहां राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता सर्वोपरि हों तथा राष्ट्रहित प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकास, सुशासन और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ निरंतर काम कर रही है। पौड़ी जिले में भी करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं पर काम चल रहा है। चारधाम यात्रा में हो रही बढ़ोतरी का लाभ स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को मिल रहा है।

ऑल वेदर रोड और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से बदलेगी तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड को विकास की नई दिशा दे रही हैं। चारधाम को ऑल वेदर रोड से जोड़ा गया है, जिसमें श्रीनगर की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके साथ ही ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस रेल मार्ग पर श्रीनगर में भी स्टेशन बनाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भविष्य में रेल कनेक्टिविटी का सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सड़क और रेल कनेक्टिविटी के विस्तार से न केवल स्थानीय लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।

बच्चों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, प्रोटोकॉल छोड़कर किया संवाद

मुख्यमंत्री के श्रीनगर दौरे के दौरान विद्यार्थियों के साथ उनका आत्मीय संवाद भी चर्चा का विषय रहा। कॉलेज गेट के समीप बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री अपने वाहन से नीचे उतरे और उनके बीच पहुंच गए। उन्होंने विद्यार्थियों का हालचाल जाना और उनसे बातचीत की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे उत्साहित नजर आए।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *