शिकायत की जांच के बाद बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग से शिकायत की थी कि रानीपुर थाने में तैनात एएसआई सोनिया विवाद का निपटारा कराने के बदले उससे 10 हजार रुपये की मांग कर रही हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने मामले की जांच कराई।
जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर देहरादून के निर्देश पर ट्रैप टीम का गठन किया गया। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की योजना बनाई गई।
रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा
सतर्कता विभाग की टीम ने निर्धारित रणनीति के तहत कार्रवाई करते हुए महिला एएसआई सोनिया को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है।
फिलहाल सतर्कता विभाग की ओर से मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में गिरफ्तारी के बाद जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।