आईएमए की भव्य पासिंग आउट परेड में 515 कैडेट बने सैन्य अधिकारी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी राष्ट्रसेवा की प्रेरणा

देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में शनिवार को आयोजित 158वें नियमित तथा 141वें तकनीकी स्नातक पाठ्यक्रम की भव्य पासिंग आउट परेड (पीओपी) गौरव और सैन्य परंपराओं के बीच संपन्न हुई। देश की राष्ट्रपति एवं सशस्त्र सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने मुख्य अतिथि एवं समीक्षा अधिकारी के रूप में परेड की सलामी ली और नवप्रशिक्षित सैन्य अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

 

इस अवसर पर 481 भारतीय कैडेटों और 16 मित्र देशों के 34 विदेशी कैडेटों सहित कुल 515 जेंटलमैन एवं महिला कैडेट भारतीय सेना का हिस्सा बने। राष्ट्रपति ने परेड की समीक्षा करते हुए युवा अधिकारियों को राष्ट्र की सुरक्षा, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

 

अपने संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सैन्य अधिकारी केवल देश की सीमाओं के रक्षक नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की आशाओं, विश्वास और सम्मान के भी संरक्षक हैं। उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ सेवा करने का आह्वान किया।

 

इस वर्ष की पासिंग आउट परेड का सबसे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण 9 महिला कैडेटों का सफलतापूर्वक पास आउट होना रहा। यह उपलब्धि भारतीय सैन्य अकादमी के इतिहास में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है, जो महिला नेतृत्व आधारित विकास और सशक्त भारत के संकल्प को और मजबूती प्रदान करती है।

 

राष्ट्रपति ने कहा कि बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य और आधुनिक तकनीकों के इस युग में भारतीय सेना को निरंतर नवाचार, आधुनिकीकरण और रणनीतिक दक्षता के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने युवा अधिकारियों से अग्रिम मोर्चे से नेतृत्व करने तथा अपने सैनिकों के कल्याण और सैन्य प्रभावशीलता के बीच संतुलन बनाए रखने की अपील की।

 

परेड में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, आईएमए के समादेशक लेफ्टिनेंट जनरल नागेन्द्र सिंह, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

 

समारोह के अंत में राष्ट्रपति ने सभी नव नियुक्त सैन्य अधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे राष्ट्र की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *