उत्तराखंड में 2000 नए शिक्षक होंगे नियुक्त, हर ब्लॉक में खुलेंगे सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूल

देहरादून, 8 जुलाई 2025 — उत्तराखंड में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सरकारी विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने घोषणा की है कि जल्द ही उत्तराखंड में 2,000 नए शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। साथ ही राज्य के सभी ब्लॉकों में सरकारी अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले जाएंगे।

डॉ. रावत ने यह घोषणा SCERT (राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद) परिसर देहरादून में आयोजित भवन निर्माण कार्यों के शिलान्यास समारोह के दौरान की। इस अवसर पर उन्होंने 486 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आवासीय भवनों और निदेशालय गेट का शिलान्यास भी किया।

अभिभावकों की मांग पर उठाया गया कदम

शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरकारी स्कूलों में छात्रों की घटती संख्या को लेकर उन्होंने विभाग से रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट के अनुसार, अधिकतर अभिभावकों की यह इच्छा है कि उनके बच्चे अंग्रेजी माध्यम में पढ़ें और उन स्कूलों में दाखिला लें जहां सभी विषयों के शिक्षक उपलब्ध हों। इसी मांग को देखते हुए सरकार ने अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने और शिक्षकों की तैनाती का निर्णय लिया है।

कहां तैनात होंगे ये शिक्षक?

डॉ. रावत ने स्पष्ट किया कि जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर इन नव नियुक्त शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा, ब्लॉक स्तर पर खोले जाने वाले नए अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में भी इन शिक्षकों को नियुक्त किया जाएगा। इससे न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा बल्कि अभिभावकों का विश्वास भी सरकारी विद्यालयों में बढ़ेगा।

शिक्षा विभाग में भी डिजिटल निगरानी

डॉ. रावत ने यह भी कहा कि अब केवल शिक्षक ही नहीं, बल्कि शिक्षा विभाग के अधिकारी भी अपनी उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज कराएंगे। इससे प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।

उपस्थित रहे वरिष्ठ अधिकारी

इस मौके पर शिक्षा मंत्री के साथ निदेशक SCERT वंदना गब्र्याल, रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय नौडियाल, माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती, संस्कृत शिक्षा निदेशक आनंद भारद्वाज और पद्मेन्द्र सकलानी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html