ऑपरेशन ‘कालनेमि’ के तहत हरिद्वार में 16 संदिग्ध गिरफ्तार, पुलिस ने लिए फिंगरप्रिंट

हरिद्वार। हरिद्वार में धर्म की आड़ में धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘कालनेमि’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 संदिग्ध बहरूपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब उनका आपराधिक इतिहास खंगालने के लिए फिंगरप्रिंट लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के अनुसार उत्तराखंड पुलिस की नगर कोतवाली हरिद्वार टीम ने शुक्रवार सुबह हर की पौड़ी और आसपास के घाटों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान धर्म की आड़ में लोगों को ठगने वाले, बिना पहचान पत्र के रहने वाले और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल 16 लोगों को धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनका आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के लिए फिंगरप्रिंट भी लिए गए हैं। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अलग-अलग राज्यों के हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, गुजरात और हरियाणा के निवासी शामिल हैं। इनमें रमेश भुईया, वाधरी धानी, सुखदेव चौधरी, मनोज कुमार गुप्ता, कन्हैयादास गुप्ता, अनुज, जयप्रकाश, विनोद कुमार, लालता, सोनू उर्फ जितेंद्र, प्रेम सिंह, भगवानदास, मुन्ना, राजू, ओमप्रकाश और महेशनाथ गोस्वामी शामिल हैं।

धर्म की आड़ में धोखाधड़ी पर सख्ती

पुलिस का कहना है कि तीर्थनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं को ठगी से बचाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। खासकर धार्मिक स्थलों और घाटों पर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html