“मोदी युग के 11 स्वर्णिम वर्ष: मुख्यमंत्री धामी ने वर्चुअल संबोधन में गिनाईं ऐतिहासिक उपलब्धियाँ”

मुख्यमंत्री धामी ने “मोदी सरकार के 11 वर्ष: संकल्प से सिद्धि तक” वर्चुअल कार्यक्रम में किया संबोधन, कहा – बीते 11 वर्ष भारत के आत्मगौरव और राष्ट्रीय पुनर्जागरण का ऐतिहासिक कालखंड

देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास से “मोदी सरकार के 11 वर्ष – संकल्प से सिद्धि तक” वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों को भारत के आत्मगौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीयता की भावना के पुनर्जागरण का ऐतिहासिक काल बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 9 जून 2025 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 गौरवशाली वर्ष पूरे कर रहा है। उन्होंने इसे एक परिवर्तनकारी कालखंड की संज्ञा दी जिसमें भारत ने वैश्विक मंच पर एक सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली और उनकी दूरदर्शी सोच ने न केवल शासन व्यवस्था को एक नई दिशा दी बल्कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ देश में विकास को जन-आंदोलन में परिवर्तित किया।

भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में वृद्धि

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 2014 से पूर्व भारत निरंतर आतंकी हमलों से जूझता रहा, लेकिन आज की सशक्त भारत सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और “ऑपरेशन सिंदूर” जैसे ठोस कदम उठाकर आतंकवाद को मुँहतोड़ जवाब दिया है। भारत अब G-20, QUAD और BRICS जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर निर्णायक भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का एक नया अध्याय लिखा गया है। आज भारत 80 प्रतिशत से अधिक रक्षा संसाधनों का स्वदेशी निर्माण कर रहा है और 85 देशों को रक्षा सामग्री निर्यात कर रहा है।

आर्थिक और तकनीकी प्रगति

मुख्यमंत्री ने गर्व से कहा कि भारत आज 4 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनकर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हो चुका है। ‘‘मेक इन इंडिया’’, ‘‘स्टार्टअप इंडिया’’ और ‘‘वोकल फॉर लोकल’’ जैसी पहलों ने आत्मनिर्भर भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और ‘‘इन्फ्रास्ट्रक्चर रेवोल्यूशन’’ के तहत हाईस्पीड रेल, मेट्रो, एक्सप्रेसवे जैसे अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं।

ऐतिहासिक निर्णय और सामाजिक परिवर्तन

मुख्यमंत्री ने मोदी सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों की चर्चा करते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 की समाप्ति, अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, ट्रिपल तलाक की समाप्ति, नागरिकता संशोधन कानून, भारतीय न्याय संहिता का क्रियान्वयन, महिला सशक्तिकरण के लिए ‘‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’’ – ये सभी कदम एक सशक्त भारत की नींव हैं।

साथ ही उन्होंने जनकल्याण योजनाओं जैसे जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुफ्त राशन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं देश के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचा रही हैं।

विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में नए कीर्तिमान

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी शानदार उपलब्धियाँ हासिल की हैं। चंद्रयान-3, आदित्य L1 और गगनयान जैसे अंतरिक्ष मिशनों ने भारत को वैश्विक अग्रणी राष्ट्रों की कतार में खड़ा कर दिया है। साथ ही कोविड-19 महामारी के दौरान भारत में बनी स्वदेशी वैक्सीन ने वैश्विक स्वास्थ्य नेतृत्व में देश को अग्रणी भूमिका दिलाई।

उत्तराखंड में बह रही है विकास की गंगा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तराखंड में भी अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं। दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड, ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, केदारनाथ और बद्रीनाथ मास्टर प्लान जैसी परियोजनाएं राज्य के सर्वांगीण विकास का उदाहरण हैं।

सभी वरिष्ठ नेताओं की सहभागिता

इस वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, सभी सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों पर चर्चा की और उन्हें भारत के विकास का स्वर्णिम युग बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

cb6