उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड का कहर: केदारनाथ–पंचाचूली तक बर्फबारी, 6 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट

केदारनाथ से पंचाचूली तक बर्फबारी, 6 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है।

ऊंची चोटियों पर बर्फबारी

रविवार 4 जनवरी को मौसम ने एक बार फिर करवट ली। केदारनाथ सहित चारधाम क्षेत्र की ऊंची चोटियों पर लगातार दूसरे दिन हल्का हिमपात दर्ज किया गया। पिथौरागढ़ जनपद में पंचाचूली, राजरंभा और त्रिशूल पर्वत शृंखलाओं पर भी बर्फबारी हुई है। इसके चलते पर्वतीय क्षेत्रों में पाले की स्थिति बनने लगी है, जो फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकती है। ठंडी हवाओं का असर निचले इलाकों तक महसूस किया गया।

मैदानों में घना कोहरा, उड़ानें प्रभावित

शनिवार को देहरादून सहित मैदानी इलाकों में सुबह घना कोहरा और धुंध छाई रही। दिन में हल्की धूप से कुछ राहत मिली, लेकिन शाम होते-होते फिर ठंड बढ़ गई। घने कोहरे के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित रहीं। विभिन्न शहरों से देहरादून आने वाली करीब 10 उड़ानें आधे घंटे से लेकर चार घंटे तक देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

6 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने रविवार को राज्य के सभी जनपदों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है, लेकिन ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। विभाग ने हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनने की भी चेतावनी दी गई है।

सावधानी की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से सुबह और रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचने, वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने और ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने की अपील की है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों को पाले से फसलों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

तापमान का हाल (डिग्री सेल्सियस में)

  • देहरादून: अधिकतम 17.5 | न्यूनतम 8.9

  • पंतनगर: अधिकतम 14.4 | न्यूनतम 11.2

  • मुक्तेश्वर: अधिकतम 14.1 | न्यूनतम 0.8

  • नई टिहरी: अधिकतम 14.5 | न्यूनतम 1.7

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html