सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को उत्तराखंड का राज्यपाल बनाया गया..

सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को उत्तराखंड का राज्यपाल बनाया गया

बेबी रानी मौर्य के इस्तीफे के बाद सेना के पूर्व उपाध्यक्ष और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को उत्तराखंड का राज्यपाल बनाया गया है। चीन मामलों के विशेषज्ञ माने जाने वाले अलंकृत लेफ्टिनेंट जनरल सिंह करीब चार दशकों तक सैन्य सेवा के बाद फरवरी 2016 में सेवानिवृत्त हुए। सेना में मिलीटरी ऑपरेशन के अतिरिक्त महानिदेशक रहते हुए उन्होंने चीन से संबंधित सैन्य रणनीतिक मुद्दे को भी संभाला। सेना की सेवा के दौरान वह कई अहम विशेषज्ञ समूह का हिस्सा रहे। चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा पर सैन्य राजनयिक वार्ता में उन्होंने सात बार हिस्सा लिया।

उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने बुधवार को दिया था इस्तीफा

उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के साथ ही इस बात पर चर्चा शुरू हो गई थी कि उत्तराखंड का अगला राज्यपाल कौन होगा।

बेबी रानी मौर्य ने 26 अगस्त 2018 को उत्तराखंड की राज्यपाल का पद ग्रहण किया था। बीते 26 अगस्त को ही उन्होंने तीन साल का कार्यकाल पूरा किया था। उनके इस्तीफे को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। बताया गया कि भाजपा यूपी विधानसभा चुनाव में उनका उपयोग कर सकती है।

गौरतलब है कि मौर्य का यूपी के आगरा क्षेत्र में अच्छा प्रभाव रहा है। वह आगरा की महापौर रह चुकी हैं। 2002 से 2005 तक राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं। ऐसे में कयास हैं कि उन्हें विधानसभा चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।

उत्तराखंड में अब तक रहे राज्यपाल

सुरजीत सिंह बरनाला-    09 नवंबर 2000- 07 जनवरी 2003

सुदर्शन अग्रवाल-           08 जनवरी 2003- 28 अक्तूबर 2007

बनवारी लाल जोशी-       29 अक्तूबर 2007- 05 अगस्त 2009

मार्गरेट अल्वा-               06 अगस्त 2009 – 14 मई 2012

अज़ीज़ कुरैशी-              15 मई 2012    –  08 जनवरी 2015

कृष्ण कांत पॉल-            08 जनवरी 2015- 25 अगस्त 2018

बेबी रानी मौर्य-              26 अगस्त 2018- 08 सितंबर 2021

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.